'हैरी पॉटर' सिरीज़ की अगली फ़िल्म में हैरी नहीं होंगे!
- सुशांत एस मोहन
- बीबीसी संवाददाता, मुंबई

इमेज स्रोत, Warner Brothers
विश्व भर में फ़िल्म 'हैरी पॉटर' के क़द्रदानों में एक नया जोश देखा जा रहा है. हैरी पॉटर के किरदार को रचने वाली फ़िल्म निर्माता जे. के. रोलिंग इस फ़िल्म सिरीज़ का एक नया हिस्सा लेकर आई हैं. लेकिन कुछ नए अंदाज़ में.
मसलन, यह फ़िल्म 'फ़ैंटास्टिक बीस्ट्स एंड व्हेयर टू फ़ाईंड देम' भले ही हैरी पॉटर सिरीज़ का हिस्सा है, लेकिन फ़िल्म में हैरी पॉटर और उनके दो जादूगर दोस्त, हरमायनी ग्रेंजर और रॉन वीज़ली नहीं दिखेंगे.
इमेज स्रोत, Warner Brothers
कई लोग इस फ़िल्म को 'हैरी पॉटर' की अगली कड़ी ज़रूर मान रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं.
तो आइए, बात करते हैं इस फ़िल्म के बारे में और सुलझाते हैं इसकी गुत्थी को महज़ 5 पॉइंट्स में.
1. एक नई शुरूआत
हैरी पॉटर की कहानी को जे. के. रोलिंग ने साल 2011 में आई 'हैरी पॉटर' सिरीज़ की आख़िरी फ़िल्म के साथ निपटा दिया था.
एक प्रेस कांफ़्रेंस में उन्होंने कहा था कि वो हैरी की कहानी को आगे बढ़ाना चाहती हैं, लेकिन इस नई फ़िल्म में हैरी के जादुई स्कूल हॉगवर्ड्स में पढ़ाई गई एक किताब 'फ़ैंटास्टिक बीस्ट्स एंड वेयर टू फ़ाईंड देम' लिखने वाले जादूगर न्यूट स्कैमेंडर की कहानी को दिखाया गया है.
इमेज स्रोत, Warner Brothers
रोलिंग इस कहानी के ज़रिए हैरी पॉटर की जादुई दुनिया में मौजूद दूसरी रोचक चीज़ों को फ़िल्म में शामिल करना चाहती थीं.
2. क्या हैरी की वापसी होगी?
फ़िल्म मेकर जे. के. रोलिंग ने अपने एक वीडियो में सभी फ़ैन्स को बताया है कि दुनिया भर से उन्हें सवाल भेजे जा रहे हैं कि क्या हैरी पॉटर की फ़िल्म में वापसी होगी?
इमेज स्रोत, Warner Brothers
रोलिंग इस बात से इंकार नहीं करतीं. लेकिन वो साफ़ करती हैं कि अभी इस नई फ़िल्म सिरीज़ में 6 फ़िल्में आएंगी और हॉगवर्ड्स का निर्माण होगा. शायद तब हैरी की वापसी हो. लेकिन अभी तो यह संभव नहीं है.
3. क्या है कहानी?
नई फ़िल्म की कहानी हैरी के स्कूल में आने और जादुई स्कूल हॉगवर्ड्स के निर्माण से भी पहले की कहानी है, जहां जादू करने वाले लोगों को मानवता के लिए ख़तरा माना जाता है. जादूगर अपनी दुनिया बसाने की एक पूरी कोशिश कर रहे हैं.
इमेज स्रोत, Warner Brothers
कहानी के मुख्य पात्र न्यूट स्कैमेंडर एक जादुई बक्से में कई जादुई प्राणियों को लेकर अमरीका पहुंचते हैं, जहां यह बक्सा उनसे खो जाता है. बक्सा खुल जाता है और फ़िर शुरू होती है जादुई जीवों (फ़ैंटास्टिक बीस्ट्स) को ढूंढने की दौड़.
4. कोई पुराना किरदार दिखेगा?
चूंकि यह फ़िल्म एक बिल्कुल अलग दौर और अलग किरदारों की कहानी है, ऐसे में हैरी पॉटर सिरीज़ के किसी दूसरे किरदार का इस फ़िल्म में दिखाई देना मुनासिब नहीं था. लेकिन इस फ़िल्म की लेखिका जे. के. रोलिंग ही हैं और फ़िल्म के डायरेक्टर डेविड याएत्स हैरी फ़िल्मों की आखिरी पांच कड़ियों के निर्देशक भी रहे हैं, ऐसे में पिछली फ़िल्मों की बातें आना लाज़िमी था.
इमेज स्रोत, Warner Brothers
यह उम्मीद की जा रही है कि हैरी के सबसे प्रिय अध्यापक एलब्स डंबलडोर का किरदार फ़िल्म में दिखेगा.
5. क्या हैरी पर क़िताब भी आएगी?
हैरी पॉटर पर साल 1997 से 2007 तक कुल सात किताबें आईं.
साल 2016 में 'हैरी पॉटर कर्स्ड चाईल्ड' नाम से बने नाटक की स्क्रिप्ट को भी किताब की शक्ल में लाया गया, जिसमें हैरी की आख़िरी किताब से 20 साल बाद की घटनाओं पर रोशनी डाली गई थी.
लेकिन फ़िलहाल जे. के. रोलिंग अपने ट्विटर पेज पर यह साफ़ कह चुकी हैं, "हैरी की किताब के लिए मुझसे कई लोग कह चुके हैं, लेकिन मैं फ़ैंटास्टिक बीस्ट की 6 फ़िल्मों को लिखने के काम में लगी हूं और इस बीच से हैरी सिरीज़ के लिए समय निकालना मुश्किल होगा. पर वो वापिस आएगा, क्योंकि वो अभी जीवित है."
इमेज स्रोत, Warner Brothers
फ़िल्म की निर्माता कंपनी वॉर्नर ब्रदर्स की ओर से बीबीसी को बताया गया है कि फ़ैन्टास्टिक बीस्ट की कहानी को धीरे-धीरे हैरी पॉटर की कहानी में मिलाया जाएगा और 6 फ़िल्मों की कड़ी में बन रही इस फ़िल्म की दूसरी कड़ी पर काम शुरू हो चुका है और फ़ैंटास्टिक बीस्ट के दूसरे पार्ट को साल 2017 में रिलीज़ किया जाएगा.
लेकिन अगर आप सोचेंगे कि दूसरी फ़िल्म में हैरी, हरमायनी और रॉन दिखेंगे, तो इसकी संभावना न के बराबर है.
फ़ैन्टास्टिक बीस्ट एक नई फ़िल्म सिरीज़ है और इस सिरीज़ के ज़रिए लेखिका जे. के. रोलिंग कुछ नए किरदार रचना चाहती हैं. यह बात हैरी फ़ैन्स को निराश कर सकती है.