अकबर पर अब बलात्कार का आरोप, अकबर ने कहा 'सहमति से थे संबंध'

इमेज स्रोत, Getty Images
पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न का एक नया आरोप सामने आया है.
यौन उत्पीड़न के आरोपों के चलते मंत्री पद से इस्तीफ़ा देने वाले अकबर पर लगा नया आरोप सबसे गंभीर है क्योंकि उनके साथ काम कर चुकी पत्रकार ने उन पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है.
एशियन ऐज अख़बार में एमजे अकबर के साथ काम करने वाली पल्लवी गोगोई ने वॉशिंगटन पोस्ट में लिखे एक लेख में इस बारे में बताया. वहीं, एमजे अकबर ने पल्लवी के आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उनके और पल्लवी के बीच आपसी सहमति वाले संबंध रहे थे.
पल्लवी वर्तमान में नेशनल पब्लिक रेडियो में चीफ बिज़ेनस एडिटर हैं और अमरीका में रहती हैं.
पल्लवी ने बताया है कि उन्हें दो हफ़्ते पहले भारत में चल रहे #MeToo कैंपेन और एमजे अकबर पर लगे आरोपों के बारे में पता चला.
तब उन्होंने भी दोस्तों से बात करके 23 साले पहले अपने साथ हुई घटना के बारे में बताने का फ़ैसला किया.
पल्लवी के मुताबिक जब उनके साथ ये घटना हुई तब एमजे अकबर एशियन ऐज में संपादक थे और पल्लवी गोगोई अख़बार के ओपेड पेज की संपादक.
उन्होंने दो घटनाओं का ज़िक्र करते हुए बताया है कि किस तरह अकबर ने उनके साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की. इसके बाद उन्होंने रेप की घटना का ज़िक्र किया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
होटल के कमरे में बुलाया
पल्लवी ने अपने लेख में दावा किया है कि जयपुर में एक असाइनमेंट के दौरान एमजे अकबर ने पल्लवी को अपने होटल में स्टोरी पर चर्चा करने के लिए बुलाया. जब वह होटल के कमरे में पहुंची तो अकबर उनके साथ जबरदस्ती करने लगे और उनके साथ रेप किया.
पल्लवी ने ये भी बताया है कि शर्म के कारण वो इस बारे में किसी को बता नहीं पाईं. उन्हें लगा कि शायद कोई उन पर यक़ीन नहीं करेगा. इसके बाद भी अकबर उन्हें परेशान करते रहे.
इमेज स्रोत, iStock
अकबर और उनकी पत्नी का इनकार
पल्लवी के लेख के सार्वजनिक होने के बाद एमजे अकबर और उनकी पत्नी मल्लिका जोसेफ ने पल्लवी गोगोई के रेप के आरोपों को झूठा बताया है. उनका कहना है कि अकबर और पल्लवी के बीच सहमति से संबंध थे.
अकबर की पत्नी मल्लिका अकबर ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया है, ''मैं इस पूरे MeToo कैंपेन के दौरान चुप रही. मेरे पति पर काफ़ी आरोप लगाए गए. लेकिन, वॉशिंगटन पोस्ट में पल्लवी गोगोई द्वारा लिखे लेख ने मुझे बोलने पर मजबूर कर दिया.''
''करीब 20 साल पहले पल्लवी मेरे घर में दुख और झगड़े का कारण बनी थी. उनके देर रात आने वाले फोन कॉल्स और प्यार के सार्वजनिक प्रदर्शन से मुझे मेरे पति और उनके रिश्तों के बारे में पता चला था... एशियन ऐज की एक पार्टी में मेरे पति और उन्होंने बहुत क्लोज डांस किया था. इसे लेकर मैंने अपने पति से झगड़ा भी किया और उसके बाद उन्होंने परिवार को प्राथमिकता देने का फ़ैसला किया... मुझे नहीं पता कि ये झूठ बोलने के पीछे पल्लवी के कौन से कारण हैं.''
इमेज स्रोत, Getty Images
अकबर पर और भी आरोप
67 साल के एमजे अकबर पर कई महिलाओं ने #MeToo कैंपेन के तहत यौन उत्पीड़न के आरोप लगाये हैं. इनमें से एक महिला पत्रकार प्रिया रमानी के ख़िलाफ़ एमजे अकबर ने आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया है.
एमजे अकबर पर प्रिया रमानी के आरोपों के बाद कई अन्य महिलाएं भी सामने आईं थीं जिन्होंने अकबर पर 'प्रीडेटरी बिहेवियर' का आरोप लगाया.
इसके बाद कोर्ट में सुनवाई शुरू होने से पहले 17 अक्टूबर को एमजे अकबर ने इस्तीफ़ा दे दिया था.
उन्होंने इस्तीफ़ा देने की वजह के तौर पर बताया था कि वो व्यक्तिगत तौर पर कोर्ट से इंसाफ़ चाहते हैं. वह अपने ऊपर लगे आरोपों का सामना निजी तौर पर करना चहाते हैं, एक मंत्री के तौर पर नहीं.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)